यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश के सात चरणों में होने वाले चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, नेताओं के प्रचार प्रसार भी तेज हो रहे हैं। इसी क्रम में सातवें चरण के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी से करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को वाराणसी में पुलिस लाइन से रोड शो करते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए भाजपा की ओर से छह घंटे की अनुमति जिला प्रशासन से मांगी गई है।
जिले भर के बूथ कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखाने के लिए एक दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आएंगे और सड़क मार्ग से जगतगंज स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे।
पीएम मोदी के सड़क मार्ग से पुलिस लाइन से जगतगंज के बीच जगह-जगह स्वागत की तैयारी है। पीएम मोदी के सड़क मार्ग की यात्रा को रोड शो का स्वरूप दिया जाएगा। काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और बूथ पदाधिकारियों के साथ बैठक की सूचना के बाद संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बैठक कर बूथ पदाधिकारियों के साथ सम्मेलन की कार्य योजना पर चर्चा की और क्रियान्वयन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
तैयारियों के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम स्थल से लेकर मंच और सुरक्षा तक के प्रभारियों के नाम तय किए गए हैं। जिले की आठों विधानसभाओं के प्रत्येक बूथ से छह पदाधिकारियों को सम्मेलन में भाग लेने के लिए व्यापक कार्य योजना पर प्रकाश डाला।