विधानसभा चुनाव 2022: आज शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा के जरिये उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव का आगाज करेंगे। प्रधानमंत्री की जनसभा के साथ ही भाजपा के चुनाव प्रचार का उद्घोष होगा। पार्टी ने रैली स्थल परेड मैदान में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य बनाया है। लक्ष्य हासिल करने के लिए पार्टी ने मंत्रियों से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मोर्चे पर उतारा हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री को सुनने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। दूर-दूर से लोग अपने साधनों से देहरादून पहुंच रहे हैं। वह 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट देहरादून पहुंच गए हैं। सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह, लॉकेट चटर्जी व अन्य नेताओं ने भी दून में डेरा जमा लिया है। चुनाव प्रभारी ने मुख्यमंत्री के साथ परेड मैदान स्थित रैली स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। मंच की व्यवस्था को भी देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
12.25 बजे भारतीय वायु सेना के विमान से जौलीग्रांट पहुंचेंगे।
12.30 बजे एमआई-17 हेलीकॉप्टर से देहरादून रवाना होंगे।
12.50 बजे परेड ग्राउंड के खेल परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे।
12.55 बजे खेल परिसर के हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल पर आएंगे।
1.00 से 1.07 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
1.07 बजे प्रधानमंत्री मोदी का मंच पर आगमन होगा।
1.30 से 1.35 बजे योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
1.35 बजे से 2.15 बजे तक पीएम जनता को संबोधित करेंगे।
2.55 बजे पीएम वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
