लखनऊ : बीते कुछ सालों मे विधानसभा औऱ बीजेपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह के प्रयासों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। शुक्रवार को हजरतगंज स्थित भाजपा कार्यलय के बाहर एक ऐसी ही घटना सामने आई है। भाजपा कार्यालय के सामने दोपहर करीब 12:30 बजे गोसाईंगंज के रानीखेड़ा बरौना कला की रहने वाली रामप्यारी ने आत्मदाह का प्रयास किया।
उसने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ उडे़ल दिया था। वह खुद को आग लगाने जा रही थी, इसी बीच पुलिस की नजर उस पर पड़ी और उसे पकड़कर आग लगाने से रोका। इसके बाद महिला हंगामा करने लगी। पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल भेजा। महिला ने गोसाईंगंज पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसके बेटे को फर्जी मुकदमें में फंसाकर पुलिस ने जेल भेज दिया है। कई बार थाने भी गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक महिला को सिविल अस्पताल पहुंचा गया है।
जहां उसकी हालत ठीक है। दरअसल गोसाईंगंज पुलिस ने कुछ दिन पहले एक युवती को अगवा कर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म की कोशिश के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया था। जिसमें पंकज यादव और मोहित शामिल थे। इसी मामले को लेकर रामप्यारी ने पुलिस पर आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक युवती के परिजनों ने दोनों को खुद पकड़कर सुपुर्द किया था। फिलहाल योगी 2.0 की सरकार बनते ही एक बार फिर आत्मदाह का सिलसिला शुरू हो गया है।