
महराजगंज। थाना सिन्दुरिया की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन यूपीआई फ्रॉड के माध्यम से ठगी गई पूरी 42,000 रुपये की धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी। यह कार्रवाई 29 जनवरी 2026 को की गई।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सिन्दुरिया के नेतृत्व में गठित साइबर हेल्प डेस्क टीम ने इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व महिला उप निरीक्षक प्रियंका मौर्य द्वारा किया गया।
पीड़िता काजल गुप्ता पुत्री मोहन गुप्ता, निवासी ग्राम मिठौरा, थाना सिन्दुरिया, जनपद महराजगंज के खाते से ऑनलाइन यूपीआई फ्रॉड के जरिए 42,000 रुपये की ठगी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए साइबर टीम ने आवश्यक कार्रवाई कर पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की।
धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़िता काजल गुप्ता ने सिन्दुरिया पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइबर हेल्प डेस्क टीम में महिला उप निरीक्षक प्रियंका मौर्य, कांस्टेबल प्रवीण गुप्ता, कांस्टेबल आयुष राय तथा महिला कांस्टेबल अस्तुरन शामिल रहीं।