यूपी: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार अटल आवासीय विद्यालय प्रदेश के 18 मंडलों में खोले जाएंगे। अब श्रमिकों के बच्चे बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने जाएंगे। नवोदय विद्यालय की तर्ज तैयार हो रहे अटल आवासीय विद्यालय विद्यालयों में श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को स्तरीय शिक्षा प्रदान की जाएगी ताकि वह भी समाज की मुख्यधारा के साथ मिलकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय खोले जायेंगे। आगरा मंडल के आगरा अलावा झांसी मंडल के ललितपुर, देवीपाटन मंजल के गोणडा, आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, मेरठ के बुलन्दशहर, लखनऊ मंडल के लखनऊ, कानपुर मंडल के कानपुर नगर, प्रयागराज मंडल के प्रयागराज, सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर, मिर्जापुर मंडल के सोनभद्र, बस्ती मंडल के बस्ती, अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, अयोध्या मंडल के अयोध्या, चित्रकुटधाम मंडल के बांदा, बरेली मंडल के बरेली, मुरादाबाद मंड़ल के मुरादाबाद, गोरखपुर मंडल के गोरखपुर और वाराणसी मंडल के वाराणसी जिले में निर्माणाधीन है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार अटल आवासीय विद्यालय, फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के कौरई गांव में बनाया जा रहा है। आगरा में 71.15 करोड़ की लागत से अटल आवासीय विद्यालय निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माणाधीन यह विद्यालय एक हजार छात्र-छात्राओं की क्षमता वाला होगा। इसमें शिक्षण कार्य के अलावा छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास भी बनाए जाएंगे। अटल आवासीय विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा ग्रहण कराई जाएगी।
आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के कौरई गांव में बन रहे अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण मई 2021 में शुरू हुआ था। इसका निर्माण तेजी से चल रहा है, उम्मीद है कि अक्टूबर माह के अंत तक भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इस आवासीय विद्यालय में निर्माण श्रमिकों के छह से 14 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों को प्राथमिक, जूनियर हाईस्कूल और माध्यमिक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराते हुए गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान की जाएगी। इनका चयन काउंसलिंग के आधार पर होगा। उम्मीद है कि नए शिक्षा सत्र 2023 में विद्यालय में छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
