पंजाब सरकार: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी ने सभी पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए एतिहासिक जीत दर्ज की। 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी अब पंजाब में सरकार बन गयी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पंजाब के नवनिर्वाचित विधायकों को ईमानदारी का मंत्र दिया।
विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि हर जिम्मेदारी अहम है। हमें सिर्फ जनता के लिए काम करना है। बैठक में सीएम भगवंत मान और आप के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद हैं। भगवंत मान ने कहा कि लोगों ने हमें बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। हमारा फर्ज है कि पंजाब में हर जगह जाएं। हमें सभी के लिए काम करना होगा।
अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि पूरा देश आपकी और आपके कामों की बात कर रहा है। अक्तूबर में क्षतिग्रस्त हुई फसलों के लिए मुआवजा जारी कर दिया गया है और आने वाले दिनों में किसानों को चेक मिलेगा। आपने सरकार बनाने के 3 दिनों के भीतर अच्छा काम किया है। केजरीवाल ने कहा कि हमें समय खराब नहीं करना है। उन्होंने नए बनाए मंत्रियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि चंडीगढ़ में नहीं बैठना है। 24 घंटे जनता के बीच में रहें और काम करें। पंजाब की तरक्की के लिए हमें टीम की तरह काम करना होगा। मैं आप सबका बड़ा भाई हूं, आपको गाइड करूंगा।