लालू यादव: चारा घोटाले में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने रांची में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की अदालत में याचिका दायर कर अपना पासपोर्ट जारी करने की मांग की है। क्योंकि राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद किडनी ट्रांसप्लांट कराने सिंगापुर जाना चाहते हैं। याचिका में उनकी ओर से कहा गया है कि वह किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसके इलाज के लिए वह सिंगापुर जाना चाहते हैं।
आरजेडी प्रमुख की ओर से स्पेशल जज दिनेश राय की अदालत में याचिका दाखिल की गई है। लालू यादव की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि उनके पासपोर्ट की वैधता समाप्त हो रही है। उनके वकील ने अदालत में कहा कि पासपोर्ट का नवीनीकरण कराने की जरूरत है, जिसके लिए उन्हें पासपोर्ट चाहिए। चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू यादव का पासपोर्ट सीबीआई की अदालत ने जमा करा लिया था।
अदलत में इस मामले पर अगली सुनवाई 10 जून को होगी। सीबीआई, लालू यादव की ओर से दायर याचिका पर अपना हलफनामा 10 जून को दाखिल करेगी। साथ ही लालू यादव के वकील प्रभात कुमार ने कहा कि कोर्ट में दूसरी याचिका दाखिल कर लालू यादव की विदेश यात्रा के लिए अनुमति ली जाएगी।