जम्मू-कश्मीर: आतंकवादियों ने पुलवामा में एक बार फिर से भारी विस्फोट करने की साजिश की पर सचेत सुरक्षाबलों ने इसे नाकाम कर दिया। वानपोरा इलाके में पांच किलो विसफोटक बरामद किया गया है। पूरे इलाके में सर्च जारी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस, सीआरपीएफ की 183 बटालियन और सेना की 50 आरआर ने पुख्ता सूचना के आधार पर वानपोरा में सर्च अभियान चलाया तो एक कंटेनर में पांच किलो आईईडी पाया गया।
जानकारी के अनुसार आईईडी को एक बर्तन में प्लांट किया गया था। बम निरोधक टीम ने मौके पर पहुंचकर आईईडी को निष्क्रिय किया। और उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले के जांच जारी है और सुरक्षाबलों ने कुछ लोगों को भी शक के आधार पर उठाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षाबलों को वानपोरा में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलवामा पुलिस, 50-आरआर और सीआरपीएफ(183 बटालियन) ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान आईईडी बरामद कर एक बड़ी आतंकी साजिश को टाल दिया। इससे पहले 14 फरवरी 2019 को आतंकवादियों की नापाक साजिश में देश के 43 जवान शहीद हो गये थे। उस धमाके ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था।