चर्चा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में आगरा के दो नए चेहरे शामिल हैं। बेबीरानी मौर्य के साथ जीत की हैट्रिक लगाने वाले योगेंद्र उपाध्याय को कैबिनेट मंत्री बनाया है। मंत्री पद की शपथ लेते ही आगरा के शहरवासियों में उत्साह दिखाई दिया है।
सोमवार को योगी सरकार 2.0 में शामिल आगरा के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य और राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति को मिलने वाले विभागों का बंटवारा होगा। वहीं रविवार को सोशल मीडिया पर बेबीरानी मौर्य को महिला एवं बाल विकास मिलने की चर्चा चलती रही। किसे क्या विभाग मिलेगा यह आदित्यनाथ योगी तय कर ही चुके हैं, इसकी घोषणा सोमवार को होगी।
आगरा से जीते बाकी सात विधायक मंगलवार को विधानसभा सदस्य पद की शपथ ले सकते हैं। ताजनगरी में रविवार को पूरे दिन सोशल मीडिया पर बहस चलती रही कि किस मंत्री को कौन सी जिम्मेदारी मिलेगी। उम्मीद है कि राजभवन छोड़कर विधायक बनीं और फिर सरकार में आईं बेबीरानी मौर्य को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मिल सकता है। योगेंद्र उपाध्याय को नगर विकास या ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी सकती है, जबकि धर्मवीर प्रजापति लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग का स्वतंत्र प्रभार मिल सकता है।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि किसे क्या विभाग मिलेगा, यह मुख्यमंत्री स्तर से तय हुआ है। विधिवत घोषणा सोमवार को होगी। जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।