महराजगंज। आगामी 31 अक्टूबर से शुरू होने वाले “महराजगंज महोत्सव 2025” की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। नगर पालिका परिषद परिसर में जोर-शोर से चल रही व्यवस्थाओं का आज जिलाधिकारी महराजगंज, पुलिस अधीक्षक महराजगंज, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल तथा अधिशासी अधिकारी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, सजावट, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी बिंदुओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने बताया कि “महराजगंज महोत्सव” नगर की सांस्कृतिक धरोहर और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर है। इस बार आयोजन में लोक संगीत, नाट्य मंचन, चित्रकला प्रदर्शन, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और फूड स्टॉल्स जैसी आकर्षक गतिविधियाँ शामिल की गई हैं।
इस बीच नगर पालिका टीम दिन-रात सफाई, लाइटिंग और दर्शक व्यवस्था को लेकर जुटी हुई है। आयोजन स्थल के आसपास यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष योजना भी तैयार की जा रही है।
जिले के लोगों में इस महोत्सव को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। व्यापारियों और स्थानीय कलाकारों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का साधन हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं।






