एप्पल कंपनी: कोरोना महामारी के बावजूद आईफोन बनाने वाली दिग्गज टेक कंपनी एप्पल ने सभी बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया है। एप्पल तीन खरब डॉलर के बाजार मूल्यांकन वाली पहली कंपनी बन चुकी है। कंपनी की मार्केट वैल्यू 3 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई जो कि अब तक की सबसे अधिक वैल्यू है। एपल तीन फीसदी की वृद्धि के साथ 182.88 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। अक्तूबर के बाद से कंपनी ने अब तक अपने बाजार पूंजीकरण में लगभग 700 बिलियन डॉलर जोड़े हैं।
कोरोना महामारी के बावजूद IPhone निर्माता कंपनी के शेयर की कीमत में लगातार वृद्धि हो रही है। कंपनी को मुनाफा का सबसे बड़ा फायदा लॉकडाउन के दौरान ही हुआ क्योंकि काम, शिक्षा, मनोरंजन से जुड़े रहने के लिए प्रौद्योगिकी की मांग बढ़ गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, 1976 में शुरू हुई एपल ने अगस्त 2018 में एक ट्रिलियन डॉलर का जादुई आंकड़ा छुआ था। उसे यह उपलब्धि हासिल करने में 42 साल का लंबा सफर तय करना पड़ा। लेकिन इसके बाद दो साल में ही कंपनी की मार्केट वैल्यू दो ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गई। जबकि अगले ट्रिलियन यानी तीन ट्रिलियन मार्केट वैल्यू होने में कंपनी को सिर्फ 16 महीने और 15 दिन लगे।
इस कीर्तिमान को हासिल करने के बाद वॉलमार्ट, डिज़्नी, नेटफ्लिक्स, नाइकी, एक्सॉन मोबिल, कोका-कोला, कॉमकास्ट, मॉर्गन स्टेनली, मैकडॉनल्ड्स, एटीएंडटी, गोल्डमैन सैक्स, बोइंग, आईबीएम और फोर्ड की तुलना में एप्पल का बाजार मूल्यांकन बढ़कर कहीं ज्यादा हो गया है।