कोरोना का कहर: भारत में कोरोना का कहर शुरू हो गया है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन दो महानगरों में एक ही दिन में केस दोगुने हो गए। खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज से सात जनवरी तक के लिए धारा 144 लागू कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटो में 13,154 नए मामले दर्ज किए गए हैं जो कि कल की तुलना में लगभग 4000 अधिक है। वहीं इस दौरान 268 लोगों की मौत दर्ज की गई है। बता दें कि देश में बुधवार को कोरोना के 9,195 मामले सामने आए थे।
कोरोना और ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात और मध्यप्रदेश ने रात का कर्फ्यू लगा दिया है और कोविड प्रोटोकॉल के नए दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं।