गोवा विधानसभा चुनाव: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, गोवा में विधानसभा चुनावों को देखते हुए सोमवार को पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और क्षेत्रीय महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) ने गठबंधन की घोषणा की।
इसके कुछ ही घंटों के अंदर गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रतिक्रिया आ गई। भाजपा ने कहा है कि हम आगामी विधानसभा चुनाव अपने दम पर जीतेंगे फिर चाहे सभी विपक्षी दल मिलकर गठबंधन कर लें।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तनवड़े ने कहा कि जब हम चुनाव लड़ते हैं तो हम यह सोच कर मैदान में उतरते हैं कि लड़ाई भाजपा बनाम बाकी सभी दलों की है। भाजपा के खिलाफ सभी विपक्षी दलों के मिल कर चुनाव लड़ने के बाद भी भाजपा की ही विजय हुई है।
उन्होंने कहा कि गोवा में जिला पंचायत चुनावों के लिए हमने सभी पार्टियों को एक साथ आते हुए देखा था। इसके बाद भी हमें 50 में से 33 सीटों पर जीत मिली थी। इसी तरह 12 नगर पालिका परिषदों के चुनाव में भी भाजपा ने 12 में से 10 पर जीत हासिल की थी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा अपने बल पर फिर से जीत दर्ज करेगी फिर चाहे कोई गठबंधन बने या फिर न बने।
