जम्मू-कश्मीर: देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। वह गांधी परिवार के बेहद करीबी नेताओं में से एक माने जाते रहे थे। आल इंडिया कांग्रेस समिति में पचास वर्ष सेवाएं देने के बाद रविवार को जम्मू से पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद अपने नए राजनीतिक करियर की शुरुआत कर रहे हैं। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अपने गृह स्थल जम्मू में आजाद पहली बार किसी जनसभा में पहुंच रहे हैं। यहां सैनिक फार्म, सैनिक कालोनी में एक जनसभा में आजाद का शक्ति प्रदर्शन अग्निपरीक्षा की तरह होगा।
वहीं, गुलाम नबी आजाद दिल्ली में अपने आवास से जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं। इसमें लोगों की भीड़ जुटाकर क्षेत्रीय और राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को अपनी मजबूती का संदेश देने की कोशिश की जाएगी। इस दौरान आजाद द्वारा नई राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टी की घोषणा करना संभव है। जनसभा का सुबह 11 बजे शुरू होना प्रस्तावित है।
इसी जगह पर पिछले साल कांग्रेस के जी-23 समूह की जनसभा हुई थी। सैनिक फार्म में जनसभा के लिए विशाल पंडाल स्थापित किया गया है। इसमें स्टेज पर 50 से 60 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह पंडाल के नीचे पांच हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जिसमें फार्म के भीतर और बाहर एक समय पर 15 से 20 हजार लोग आ सकते हैं।
भारी भीड़ के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जनसभा में प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व मंत्री, विधायक, एमएलसी, डीडीसी, बीडीसी सदस्यों सहित हजारों नेता और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। इस बीच शनिवार को सैनिक फार्म में दिनभर पूर्व मंत्री, विधायक, एमएलसी सहित अन्य नेता जनसभा की तैयारियों में जुटे रहे। इस जनसभा पर अन्य राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हैं।
