IND vs NZ: आज से भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। मैच से पहले टीम इंडिया को तीन बड़े झटके लगे हैं। दो मैचों की सीरीज का यह आखिरी मुकाबला है और यहां जीतने वाली टीम ट्रॉफी भी अपने नाम कर लेगी। टीम के स्टार तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और पहले टेस्ट के कप्तान अजिंक्य रहाणे चोट की वजह से मैच से बाहर हो गए हैं। जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से केन विलियमसन मैच से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई द्वारा बताया गया कि तीनों ही खिलाड़ी कानपुर टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे और मैच में उतरने के लिए फिट नहीं हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन भी चोट की वजह से दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टॉम लाथम टीम की कमान संभालेंगे।
मैच की बात करें तो मुंबई में पिछले दो दिन में हुई बारिश की वजह से वानखेड़े का मैदान गीला है और इस वजह से टॉस में देरी हुई है। सुबह 9:30 बजे अंपायरों ने पिच का मुआयना किया। अंपायरों ने दोबारा पिच का मुआयना करने के बाद यह फैसला किया है कि टॉस सुबह 11:30 बजे और मैच की पहली गेंद दोपहर 12 बजे डाली जाएगी। मैच शुरू होने में देरी की वजह से आज यानी पहले दिन सिर्फ 78 ओवर की गेंदबाजी होगी।