मनमोहन सिंह हेल्थ अपडेट: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पिछले महीने 26 सितंबर को 89 साल के हुए हैं। इसी साल अप्रैल में वे कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। तब स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन खुद ही उनके स्वास्थ्य की जानकारी रख रहे थे। पिछले साल मई में भी पूर्व पीएम को सीने में दर्द की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबियत फिर बुधवार को अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) में भर्ती कराया गया। एम्स के अधिकारियों का कहना है कि मनमोहन सिंह की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि ‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।’
उधर कांग्रेस नेता प्रणव झा ने कहा कि मनमोहन सिंह की तबियत ठीक है और वे रूटीन इलाज के लिए एम्स पहुंचे हैं। इससे पहले रिपोर्ट्स में कहा गया था कि मनमोहन सिंह को हल्का बुखार है। साथ ही उनको कमजोरी भी महसूस हो रही है। इसके चलते ही उन्हें एम्स ले जाया गया।
