ओडिशा निकाय चुनाव: ओडिशा में 24 मार्च को हुए चुनाव में करीब 65 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था।24 मार्च को हुए निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार को जारी है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, मणगणना में अभी तक सत्तारूढ़ पार्टी बीजद बढ़त बनाए हुए है।
तीन नगर निगम, 47 नगर पालिका व 58 नोटिफाइड एरिया काउंसिल (एनएसी) पर हुए मतदान में 76 सीटों पर बीजद उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। दरअसल, यहां 108 सीटों पर चुनाव कराए गए थे। इसमें तीन नगर निगमों व 73 स्थानीय निकायों में बीजद पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
वहीं 16 सीटों पर भाजपा तो सात सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। अन्य सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, भुवनेश्वर, कटक और बरहामपुर नगर निमग में बीजद पार्टी की ओर से मेयर पद के उम्मीदवार प्रतिद्वंदियों से काफी आगे चल रहे हैं।
ओडिशा में कुल 40.55 लाख मतदाता हैं। महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले 6,411 उम्मीदवारों और पार्षद और नगरसेवक पदों के लिए 5,842 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।