रूस-यूक्रेन के बीच जंग: आज रूस-यूक्रेन के बीच जंग का 55वां दिन है। जंग के 55 दिन बीत गए हैं, लेकिन अबतक यूक्रेन में हालात सामान्य नहीं हुए हैंl कई देशों की मध्यस्थता के बावजूद दोनों देश किसी स्थायी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। रूसी सेना आए दिन जहां और भी अधिक हमलावर होती जा रही है वहीं यूक्रेनी सेना भी डटकर मुकाबला कर रही है।
इस बीच रूस ने दावा किया है कि मारियूपोल शहर पूरी तरह से बर्बाद हो गया है हालांकि, यूक्रेन ने इससे इनकार किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्री ने कहा है कि मारियूपोल में हालात जरूर कठिन हैं लेकिन अभी यहां हम रूसी सेना को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूसी सेना डोनबास में नए हमले की तैयारी कर रही है। सैनिकों और हथियारों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है।
देश की राजधानी कीव में बोलते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि रूसी राष्ट्रपति यूक्रेन के खिलाफ रासायनिक हथियारों का भी उपयोग कर सकते हैं। जेलेंस्की ने कहा है कि दुनिया को रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना के लिए तैयार रहना चाहिए।
