सलमान खान अस्पताल में: सलमान खान 27 दिसंबर को अपना 56वां जन्मदिन मनाने वाले हैं और इस वजह से अभिनेता के फैंस काफी ज्यादा खुश थे लेकिन इस खुशी के बीच अभिनेता से जुड़ी एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिससे अभिनेता के फैंस चिंता में पड़ गए हैं।
दरअसल शनिवार और रविवार की रात बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को सांप ने काट लिया है। यह घटना तब हुई जब सलमान खान पनवेल स्थित अपने फार्महाउस में मौजूद थे। अभिनेता यहां पर क्रिसमस मनाने आए थे लेकिन सलमान खान के साथ ये हादसा हो गया। इसके बाद देर रात सलमान खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सांप काटने के बाद सलमान खान को तुरंत नवी मुंबई के कामोठे इलाके के एमजीएम (महात्मा गांधी मिशन) अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां पर अभिनेता का इलाज चला। सलमान खान को जिस सांप ने काटा था, वो बिना जहर का सांप था। ऐसे में सलमान खान की सेहत को कोई भी खतरा नहीं हुआ है।
अस्पताल में हुए इलाज के बाद अभिनेता सुबह 9 बजे अपने फार्म हाउस लौट चुके हैं। अब सलमान की हालत ठीक बताई जा रही है। जिसके बाद वह यहीं रहकर आराम कर रहे हैं। 27 दिसंबर यानी कल सलमान का बर्थडे है ऐसे में कहना मुश्किल है कि उनके जन्मदिन पर कोई बड़ा सेलिब्रेशन होगा या नहीं।
