कोरोना का भयानक रूप: देश में कोरोना का विकराल रूप देखने को मिल रहा है। मंगलवार को थोड़ी राहत मिलने के बाद आज फिर इस जानलेवा वायरस ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है।रोजाना हजारों लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। नए संक्रमितों का आंकड़ा रोजाना बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना की खतरनाक बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुधवार के आंकड़े के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 1.94 लाख (1,94,720) से अधिक मामले सामने आए हैं जो कि मंगलवार की तुलना में 15.8 फीसदी अधिक है।
वहीं बीते 24 घंटे में 442 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। पिछले तीन दिनों में कुल 900 लोगों की मौतें हो गई हैं, जो कि चिंताजनक है। वहीं देश में सक्रिय मामले 9.55 लाख (9,55,319) हो गए हैं। इस दौरान 60 हजार से अधिक (60,405) लोग स्वस्थ भी हुए। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत में मंगलवार को कोरोना वायरस के लिए 17,61,900 सैंपल टेस्ट किए गए। यानी अब तक कुल 69,52,74,380 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
देश के पांच राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 33,424 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद दिल्ली में 21,259 मामले, वहीं तीसरे स्थान पर पश्चिम बंगाल में 21,098 केस, तमिलनाडु में 15,379 और कर्नाटक में 14,473 मरीज मिले हैं। देश के कुल 54.77 फीसदी मरीज केवल इन पांच राज्यों से आए हैं। वहीं महाराष्ट्र से अकेले 17.68 फीसदी मामले सामने आए हैं।
