अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां ओवरटेक करते समय एक प्राइवेट बस नेशनल हाईवे 27 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 30 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्मट के लिए भेज दिया।
खबरों के मुताबिक अयोध्या की कैंट कोतवाली क्षेत्र के मुमताज नगर के पास मंगलवार की सुबह यात्रियों को दिल्ली से सिद्धार्थनगर ले जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा बताया जा रहा है।
दुर्घटना में बस में सवार 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। घायलों को कई एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों का शव मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक सहायता का एलान किया है।