अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रविवार को एक बड़ी दुर्घटना हो गई। अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में यहां सड़क के किनारे फल का ठेला लगाने वाले को एक ट्रक रौंदता हुआ आगे निकल गया। ट्रक ने कुल सात लोगों को रौंदा। इस हादसे में चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं इस दौरान तीन लोग घायल हो गए। जिन लोगों की मौत हुई उसमें एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बताया गया कि यह लोग नगला पटवारी के पास चाय की दुकान पर बैठे हुए थे। यहां सड़क किनारे ही एक ठेला भी लगा हुआ था। इसी बीच बेकाबू ट्रक ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया इसके बाद वह एक किलोमीटर तक चला गया। इस बीच बेकाबू ट्रक के चपेट में तकरीबन सात लोग आ गए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वहीं आनन-फानन में लोगों ने इसको लेकर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि इस अप्रिय दुर्घटना में चार व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। इसके साथ ही अन्य चार व्यक्ति घायल हुए हैं। जिसमें तीन घायलों को जिला मलखान सिंह चिकित्सालय और एक घायल व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय उपचार दिया जा रहा है। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मौके पर भारी जाम लगा दिया है। वहीं पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को सीज कर दिया है।
