जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्यवाही, लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा : जिलाधिकारी
महराजगंज: महराजगंज, 22 जनवरी 2022, जिलाधिकारी श्री सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्यवाही करते हुए पनियरा में अवैध रूप से संचालित अस्पताल की ओ.टी. को सील करने के साथ प्रबंधक व दो अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज कराया है।
जिलाधिकारी को पनियरा के मुजरी स्थित हरिकामना अस्पताल के अवैध रूप से संचालित होने की सूचना मिली, जिसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल जाँच कर कड़ी कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार एडिशनल सीएमओ डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के जाँच दल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अस्पताल के अवैध रूप से अप्रशिक्षित लोगों के द्वारा संचालित होने की बात सामने आयी, जिसके कारण एडिशनल सीएमओ की ओर से अस्पताल के प्रबंधक श्याम चौहान, चिकित्सक डॉ. के.पी. यादव और दाई शीला देवी के विरुद्ध उ.प्र. नैदानिक अधि. 2010 व नियमावली 2016 तथा मेडिकल काउंसिल एक्ट 1956 की विभिन्न धाराओं में पनियरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाले इस प्रकार के अवैध अस्पतालों के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्यवाही जारी रहेगी और इस प्रकार के तत्त्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।