कोरोना का कहर: कोरोना संक्रमण को देखते हुए तथा मौसम विभाग की ओर जारी पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी में 7-8 जनवरी को भारी बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी की वजह से लखनऊ के रमा बाई आंबेडकर मैदान में 9 जनवरी को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली चुनावी रैली स्थगित की गई है। भाजपा के सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण और राजधानी में 7-8 जनवरी को मौसम खराब रहने की पूर्व सूचना के आधार पर पार्टी ने मोदी की रैली स्थगित करने का निर्णय किया है।
पार्टी ने नौ जनवरी को लखनऊ में पहली चुनावी रैली की तैयारी शुरू की थी। रैली में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से ढाई हजार और कुल दस लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य था। मौसम विभाग की ओर जारी पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी में 7-8 जनवरी को भारी बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। ऐसे में आयोजन स्थल पर पानी जमा होने, कीचड़ होने और मंच की व्यवस्थाएं अस्थ-व्यस्थ नहीं होने की आशंका है। साथ ही प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के दौरान पार्टी के नेता इतनी बड़ी संख्या भीड़ नहीं जुटाना चाहते है।
उधर, कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए पार्टी मैराथन दौड़ या कोई बड़ी रैली का आयोजन नहीं करेगी। कार्यकर्ता छोटे-छोटे आयोजनों के माध्यम से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पार्टी की रीति-नीति को आम मतदाताओं तक पहुंचाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर पर्चा वितरण करेंगे और कांग्रेस की घोषणाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे।