उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: अगले साल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैंl इलेक्शन कमीशन ने पांचों राज्यों- उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है l इसको देखते हुए चुनाव आयोग के साथ सभी पार्टियों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैंl इसी क्रम मे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बुधवार से दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आएंगे। वह टिहरी से आम आदमी पार्टी की डोर-टू-डोर अभियान की शुरुआत करेंगे।
आप के प्रवक्ता नवीन पिरशाली ने बताया कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया एक बार फिर कल 12 जनवरी को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। बुधवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचते ही वह टिहरी के लिए रवाना होंगे। आम आदमी पार्टी के नवपरिवर्तन संवाद के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड की जनता से संवाद किया। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है। हम सबको एकजुट होकर आप पार्टी की सरकार बनानी है।
आप के प्रवक्ता ने कहा आप की विशेषज्ञता डोर-टू-डोर प्रचार में है, जो दिल्ली में आप पार्टी का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी के शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल ने भी कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन पर जुटने को कहा है। भेटुरी गांव वह डोर-टू-डोर पार्टी का प्रचार करेंगे। वहां से सीधे हरिद्वार के लिए निकलेंगे। यहां रात्रि विश्राम के बाद 13 जनवरी को सिसोदिया रुद्रपुर जाएंगे। वहां से जवाहर नगर किच्छा में डोर-टू-डोर पहुंचकर प्रचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि आप पार्टी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी को हर उस राज्य में समर्थन मिल रहा है, जहां वो चुनावी मैदान है। कहा कि यहां की महिलाएं भी फटी जींस की सोच रखने वाली बीजेपी से परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश के हर घर में जाकर बताएं कि आम आदमी पार्टी ही फ्री बिजली, फ्री शिक्षा, फ्री स्वास्थ्य सेवा दे सकती है।उन्होंने कहा कि दिल्ली का मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल पूरी दुनिया के बीच चर्चित है। न्यूयॉर्क टाइम्स में उसकी खबरें छप चुकी हैं।