यूपी चुनाव 2022: अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में गठबंधन हो गया है। इसका एलान सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने प्रेस कांफ्रेंस कर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता परेशान है, हमारी अखिलेश यादव के साथ सहमति बन गई है। लोग भाजपा से परेशान हैं। हम उन्हें सत्ता से हटाने के लिए साथ आए हैं।
राजभर ने बुधवार को अखिलेश यादव से मुलाकात की।बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं में 14 सीटों पर सहमति बनी है। अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद राजभर ने बयान दिया कि आज अखिलेश यादव से मुलाकात हुई। हमने गठबंधन के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा को निमंत्रण दिया था। अखिलेश यादव ने हमारे न्योते को स्वीकार किया। हमारी उनसे एक घंटे बात हुई।
सपा ने कहा कि वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों, हर कमजोर वर्ग की लड़ाई समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर लड़ेंगे। सपा और सुभासपा आए साथ, यूपी में भाजपा साफ! 27 तारीख को महापंचायत रखी गई है जिसमें वंचित, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोग शामिल होंगे। सीटों के लिए 27 के बाद बैठ कर बात कर लेंगे। उन्होंने कहा कि सपा एक सीट भी नहीं देगी तो भी हम उनके साथ रहेंगे।
इसके पहले भाजपा से गठबंधन को लेकर राजभर ने कहा कि वह भाजपा के साथ के शर्तो के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा था कि हमने सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने और पूर्ण शराब बंदी सहित सात सूत्री मांग रखी। अगर वो हमारी मांगों पर सहमत होते हैं तो गठबंधन करेंगे।
