सीबीआई : तृणमूल कांग्रेस के नेता और पश्चिम बंगाल में बर्दवान नगर पालिका के चेयरमैन प्रणब चटर्जी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने चटर्जी के खिलाफ यह कार्रवाई एक ट्रस्ट की ओर से चलाई जा रही चिटफंड योजना से कथित तौर पर 3.74 करोड़ रुपये का गबन करने के मामले में की है।
सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि कथित तौर पर सनमर्ग वेलफेयर संगठन की ओर से संचालित इस चिटफंड योजना की तीन साल लंबी जांच के दौरान इसमें प्रणब चटर्जी की कथित भूमिका सामने आई थी। इस मामले में दर्ज की गई एफआईआर में प्रणब चटर्जी का नाम नहीं था। इस मामले की जांच के दौरान सीबीआई को पता चला था कि प्रणब चटर्जी सनमर्ग वेलफेयर संगठन ट्रस्ट और इसके ट्रस्टियों के साथ काफी गहरे संबंध हैं।
आसनसोल की अदालत ने चटर्जी को दो दिन रिमांड पर भेजा है। ट्रस्ट ने आम लोगों को झांसा देकर अपनी योजना में मोटी रकम जमा कराई। रिपोर्ट में सन्मार्ग के चेयरमैन सौम्यरूप भौमिक और अन्य को आरोपी बनाया गया है। उसने ट्रस्ट के रजिस्ट्रेशन और अपने कमर्शियल कांप्लेक्स में गैरकानूनी ढंग से कारोबार चलाने में मदद की। उसने और अन्य आरोपियों ने ट्रस्ट के 3.74 करोड़ रुपये अपने निजी इस्तेमाल में ले लिए।