कोरोना अपडेट: कोरोना वायरस ने देशभर में एक बार फिर तेजी से लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेकाबू हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के एक लाख 79 हजार 723 नए मामले सामने आए हैं और 146 लोगों की मौत हुई।
इस दौरान 46,569 लोग स्वस्थ भी हुए। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि सक्रिय मामलों में बहुत तेजी से वृद्धि हो रही है। ताजा आंकड़े के अनुसार देश में सात लाख से अधिक (7,23,619) सक्रिय मरीज हो गए हैं। देश में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या की बात करें तो यह 3,57,07,727 हो गई है। वैक्सीनेशन का आंकड़ा 151 करोड़ को पार कर गया है।
कोरोना संक्रमण की खतरनाक रफ्तार को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया आज पांच राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ संवाद करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक मांडविया राजस्थान, मध्य प्रदेश, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र एवं केंद्रशासित प्रदेश दादर एवं नागर हवेली एवं दमन और दीव के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ डिजिटल माध्यम से संवाद करेंगे।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे और पांच राज्यों में चुनावों की घोषणा के बाद देश में आज से एहतियाती खुराक लगनी शुरू हो गई है। कोरोना वैक्सीन की यह तीसरी खुराक बूस्टर डोज के रूप में दी जा रही है।