दिल्ली: दिल्ली की राजिंदर नगर उप चुनाव के सभी राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर बीते दिनों हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। इस बार भी आम आदमी पार्टी अपनी सीट बचाने में कामयाब रही है। उप चुनाव में आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक 38171 वोटों के साथ विजयी हो गए हैं।
आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को 10867 वोटों से जीत मिली है, जबकि 27304 वोटों के साथ भाजपा के राजेश भाटिया दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, कांग्रेस एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी केवल 1696 वोट ही हासिल कर पाई।
अंतिम राउंड के नतीजों में भाजपा के राजेश भाटिया को 27304 वोट मिले और कांग्रेस की प्रेम लता को 1696 वोटों में ही संतुष्टि करनी पड़ी। यह लगातार तीसरी बार है जब आप ने राजिंदर नगर में झंडा गाड़ा है। जीत के बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनानी शुरू कर दी है। आप की जीत पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि रजिंदर नगर के लोगों का दिल से आभार, दिल्ली के लोगों के इस अथाह स्नेह और प्रेम का मैं आभारी हूं।
