कामयाबी: आज हमारा देश कई समस्याओं से जूझ रहा है जिसमें एक महत्त्वपूर्ण समस्या है पर्यावरण प्रदूषण, इसलिए ईको फ्रेंडली वस्तुओ का उपयोग कर हम काफी हद तक पर्यावरण को स्वच्छ रख सकते है l इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के सरकाघाट की नेहा ठाकुर ने बेकार मैटीरियल जैसे कागज, बारीक रेत, नारियल के छिलकों और साधारण सीमेंट से ईको फ्रेंडली ईंटें तैयार की हैं।
ये ईंटें पर्यावरण के लिए फायदेमंद होने के साथ कम लागत और कम वजन में उपलब्ध होंगी। प्राकृतिक रेशों से तैयार ये ईंटें मकान की दीवारों, सुरंगों और फुटपाथ की चिनाई में लगाई जा सकेंगी। एक ईंट मात्र छह रुपये में उपलब्ध होगी, जबकि दूसरी एक ईंट 10 से 12 रुपये में मिलती है। ईको फ्रेंडली एक ईंट का भार तीन किलोग्राम होगा, जबकि दूसरी ईंट का वजन चार किलो तक होता है। आमतौर पर दूसरी ईंटों में पानी को सोखने की क्षमता बहुत अधिक होती है लेकिन ईको फ्रेंडली ईंट में बहुत कम पानी सोखने की क्षमता है।
इससे पानी का भी संरक्षण होगा। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग करने के बाद नेहा एक इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर हैं। नेहा के अनुसार कम जल अवशोषित करने वाली ईंटों में बाहरी मौसम की स्थिति के लिए अच्छी प्रतिरोधक क्षमता होती है। तैयार की गई ईंटों को धूप में तीन दिन तक सुखाया जाता है। फिर वजन का परीक्षण होता है। इसके बाद इस ईंट का वजन 3.16 किलोग्राम होगा। नेहा ने इस ईंट पर पेटेंट भी फाइल किया है।
उन्होंने बताया कि इन ईंटों को तैयार करने का मकसद नारियल फाइबर के साथ रेत को आंशिक रूप से बदलकर को फाई ब्रिक्स बनाना और पर्यावरण के अनुसार ईंटों को विकसित कर बेकार कागज का उपयोग करना है।