गोरखपुर: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत गोरखपुर मे सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। गोरखपुर आए टिकैत ने कहा कि देश संविधान से चलता है। किसी के भाषण से नहीं । देश में रोजगार का संकट है। सभी धर्मों को बराबर का हक मिलना चाहिए। भाजपा अब हिंदुओं की नई पहचान बना रही। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन का धार्मिक, राजनीति और जातिगत राजनीति से कोई वास्ता नहीं है। यह संगठन किसान हित में काम करता है।
भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान और उन्हें पार्टी से निकालने के सवाल पर कहा कि भाजपा अपनी गलती मान लें, तो अच्छा है। कहा कि, किसान, मजदूर और जरूरतमंद देश के अभिन्न अंग हैं। सरकार का दावा है कि इन वर्गों के लिए बड़ी योजनाएं आई हैं। अगर ऐसा है तो कागज दिखाए जाने चाहिए। बताया जाना चाहिए कि वास्तव में कितने लाभार्थी हैं।
टिकैत ने सवाल किया कि क्या सभी हिंदुओं ने सेंधा नमक खाना बंद कर दिया? आखिर उपवास में सभी लोग पाकिस्तान से आने वाला सेंधा नमक ही खाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन पूरी तरह राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहेगा। किसी भी पदाधिकारी व कार्यकर्ता की गाड़ी पर किसी पार्टी का झंडा नहीं रहेगा।
टिकैत ने कहा कि किसान दिवस सरकार की गलत नीतियों से बंद हो गया है। प्रत्येक महीने के तीसरे बुधवार को फिर से संगठित होकर किसान दिवस मनाएं। तहसील स्तरीय अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाएं। जब तक किसानों के हक की बात न सुनी जाए, तब तक प्रयास करते रहें। टिकैत ने कहा कि संगठन को और मजबूत बनाना है। युवा इकाई को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई जानी चाहिए। अब किसानों के मुद्दों पर ही बात होगी।