प्रयागराज: पिछले वर्ष नवंबर महीने में आयोजित 36 वीं इंदिरा मैराथन में आकर्षण का केंद्र रही नौ वर्षीय काजल बिंद सम्मान और प्रोत्साहन न मिलने के कारण निराश थी।प्रयागराज जनपद के मांडा ब्लॉक के ललितपुर के रहने वाले रेलकर्मी नीरज कुमार बिंद की पुत्री काजल बिंद की दौड़ में काफी रुचि है और वह लगातार दौड़ती रही है।
उसने इंदिरा मैराथन में भी दौड़ लगाई पर उम्र बाधा बनी और उसका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। वह इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करने के लिए दौड़ते हुए लखनऊ रवाना हो गई थी। रविवार 10 अप्रैल को सुभाष चौराहे से दौड़ते हुए लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए निकल पड़ी। उसके साथ कोच रजनीकांत भी शामिल हैं।
शुक्रवार, 15 अप्रैल को लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर पहुंची काजल को मुख्यमंत्री से मिलना है। काजल की मदद करने का एलान प्रयागराज के जिलाधिकारी ने किया है। अब काजल और सहयोग के लिए मुख्यमंत्री से मिलेगी।