MI vs LSG: पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनने वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स लखनऊ की टीम मुंबई की तुलना में बेहतर स्थिति में है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस का छठा मैच केएल राहुल की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम से है। लखनऊ की टीम पांच में तीन मैच जीत चुकी है और अंकतालिका की शुरुआती चार टीमों में जगह बनाने के लिए जूझ रही है। वहीं मुंबई की टीम 2014 के बाद एक बार फिर शुरुआती पांच मैच हार चुकी है और अभी से रोहित की टीम के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है।
लखनऊ के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा जीत हासिल कर अपनी टीम को शर्मनाक रिकॉर्ड से बचाना चाहेंगे। मुंबई के बल्लेबाज और गेंदबाज साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। यही टीम की हार की सबसे बड़ी वजह रही है। अगर मुंबई यह मैच हार जाती है तो किसी सीजन के शुरुआती छह मैच हारने वाली पहली टीम बन जाएगी। मुंबई के लिए सबसे बड़ी परेशानी कप्तान रोहित का खराब फॉर्म है। रोहित इस सीजन बल्ले के साथ कुछ खास नहीं कर पाए हैं। उन्होंने पांच मैचों में 108 रन बनाए हैं। उनके अलावा गेंदबाजों का खराब प्रदर्शन भी मुंबई की हार के लिए जिम्मेदार है।
लखनऊ की टीम को सीजन के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद यह टीम संभली और लगातार तीन जीत दर्ज की। चौथे मैच में राजस्थान के खिलाफ यह टीम तीन रन से हार गई। लखनऊ के लिए केएल राहुल और डिकॉक के जोड़ी अच्छा खेल दिखा रही है। मध्यक्रम में दीपक हुड्डा और आयुष बदोनी ने अच्छी बल्लेबाजी की है। स्टोइनिस के आने से टीम और मजबूत हुई है। अब अपने छठे मैच में लखनऊ की टीम एकजुट होकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी।
लखनऊ की संभावित टीम
केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुड्डा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, जेसन होल्डर, कृष्णप्पा गौतम, दुष्मंथा चमीरा, रवि बिश्नोई, आवेश खान।
मुंबई की संभावित टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, जयदेव उनादकट, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टायमल मिल्स, बासिल थम्पी।