रणवीर सिंह: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपनी बोल्ड तस्वीरें पोस्ट करने की वजह से पिछले महीने चेंबूर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आज मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का बयान दर्ज कर लिया है। खबरों के मुताबिक अभिनेता सोमवार सुबह करीब सात बजे जांच अधिकारी के सामने पेश हुए। उन्होंने ढाई घंटे तक अधिकारियों के सवालों का जवाब दिया। और फिर सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस थाने से निकल गए। बातचीत के दौरान अधिकारियों ने यह तक कहा कि जरूरत पड़ने पर रणवीर सिंह को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले चेंबूर पुलिस स्टेशन ने अभिनेता रणवीर सिंह को 22 अगस्त को पेश होने के लिए तलब किया था। हालांकि, इस सिलसिले में अभिनेता ने पेश होने के लिए दो हफ्ते का समय मांगा था। जिसके बाद उन्हें आज यानी 29 अगस्त की तारीख दी थी। रणवीर सिंह के खिलाफ जारी नोटिस में लिखा था कि बॉलीवुड अभिनेता को चेंबुर पुलिस में पेशी देनी होगी। नोटिस में इस बात का भी जिक्र था कि बोल्ड फोटोशूट कराने और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए अभिनेता के खिलाफ IPC की धारा 509, 292, 294, आईटी एक्ट के सेक्शन 67A के तहत केस दर्ज हुआ है।
बीते महीने में एक मैगजीन के लिए एक्टर ने न्यूड फोटोशूट कराया था। सामने आई इन तस्वीरों में रणवीर फुल कॉन्फिडेंस के साथ अपनी मस्क्यूलर बॉडी को फ्लॉन्ट करते दिख रहे हैं। उनकी इस फोटोज के सामने आने के बाद से वह विवादों में घिर गए थे।
