कोविड-19 : देशभर में एकबार फिर से कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़त देखी जा रही जिसके कारण कोरोना संक्रमण की चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है l इस बीच सरकार का जोर बच्चों के टीकाकरण और बूस्टर डोज पर है l
इन सब के बीच सीरम इंस्टीट्यूट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला ने कंपनी द्वारा तैयार ‘कोवोवैक्स’ को लेकर एक बड़ा स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि कोविड रोधी टीका कोवोवैक्स 12 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए उपलब्ध है।
पूनावाला ने कहा कि बीते दिनों कई लोगों ने हमसे पूछा था कि क्या कोवोवैक्स वयस्कों के लिए है? इस पर उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हां, यह 12 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए है। एक दिन पहले उन्होंने एलान किया था कि अब भारत में बच्चों के लिए कोवोवैक्स उपलब्ध है। इसके बाद यह सवाल उठा था कि यह वयस्कों के लिए भी है या नहीं?
सीरम के सीईओ ने कहा कि यह भारत में निर्मित एकमात्र वैक्सीन है जो यूरोप में भी बेची जाती है और इसकी प्रभावशीलता 90 फीसदी तक है। यह हमारे बच्चों की सुरक्षा के लिए एक और टीका उपलब्ध कराने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
पिछले हफ्ते, टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के कोवोवैक्स COVID-19 वैक्सीन को 12-17 आयु वर्ग के लिए मंजूरी दी थी। इससे पहले गत वर्ष दिसंबर में केंद्र सरकार ने आपातकालीन स्थिति में सीमित उपयोग के लिए कोवोवैक्स को मंजूरी दी थी।