राष्ट्रपति चुनाव: 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। ऐसे में राष्ट्रपति उम्मीदवार अगले माह होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन मांगने मे लगे हुए है l राष्ट्रपति उम्मीदवार विधायकों का समर्थन हासिल करने के लिए अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, सियासत भी गहराती जा रही है।
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता अजय कुमार ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर टिप्पणी करके नए विवाद को जन्म दे दिया है। वहीं, गुरुवार को एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता अजय कुमार की टिप्पणी के खिलाफ ओडिशा भाजपा विधायकों ने राज्य विधानसभा के अंदर विरोध प्रदर्शन किया।
एएनआई को दिए बयान में कांगेस नेता ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू शालीन हैं। हालांकि, वह देश की बुरी विचारधारा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। अजय कुमार ने कहा, हमें उन्हें आदिवासियों के प्रतीक के रूप में नहीं देखना चाहिए। अजय कुमार ने कहा, मोदी सरकार लोगों को बेवकूफ बना रही है।
कांग्रेस नेता ने यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद के लिए सबसे अच्छा उम्मीदवार बताया है। उन्होंने कहा, वह अच्छे व्यक्ति हैं। समान विचारधारा वाली सभी पार्टियों को विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लिए वोट करना चाहिए।
रामनाथ कोविंद देश के राष्ट्रपति हैं, लेकिन देश में अनुसूचित जाति के लोगों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने हाथरस की घटना पर भी एक शब्द नहीं बोला। प्रतीक बनाना और देश के लोगों को बेवकूफ बनाना ही मोदी सरकार का काम है। यह देश की आत्मा की लड़ाई है।
