Elections news

राष्ट्रपति चुनाव: आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक मतदान, 4800 सांसद व विधायक लेंगे हिस्सा, जानिए किसका पलड़ा भारी

राष्ट्रपति चुनाव: आज देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन परिसर और राज्य विधानसभाओं में मतदान सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक होगा। मतदान संसद भवन और राज्य विधानसभाओं में होगा। इसके लिए मतपेटियां पहले ही अपने गंतव्यों तक पहुंच चुकी हैं।

इस मतदान में 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक हिस्सा लेंगे। संसद भवन परिसर में मानसून सत्र के शुरू होने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के तमाम वरिष्ठ मंत्री व सांसद ही नहीं, विपक्ष के नेता-सांसद भी अपने वोट डालेंगे।

चुनाव में राजग उम्मीदवाद द्रौपदी मुर्मू की जीत और इसके साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी तय है। द्रौपदी 27 दलों के समर्थन और करीब 6.65 लाख मत के सहारे विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से बहुत आगे निकल गई हैं। महज 14 दलों का समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।

राजग के पास करीब 49 फीसदी तो संयुक्त विपक्ष के पास 51 फीसदी वोट होने के कारण एक समय इस चुनाव में कड़ी टक्कर की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि उम्मीदवारों की घोषणा और मतदान की तारीख आते-आते विपक्ष में लगातार बिखराव होता गया। नौबत यहां तक आई कि विपक्षी बैठक में उम्मीदवार के रूप में यशवंत का समर्थन करने वाले दलों झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), जदएस जैसे दलों ने भी राजग के उम्मीदवार को समर्थन की घोषणा कर दी। मतगणना बृहस्पतिवार को होगी और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे।

Most Popular

To Top