अरबपतियों की रेस: अरबपतियों की रेस में भारतीय उद्योगपति और अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी हर बीतते दिन के साथ दुनिया के बड़े-बड़े रईसों को पीछे छोड़ते चले जा रहे हैं। टॉप-10 अरबपतियों की सूची में अब अडानी लंबी छलांग मारते हुए छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। समूह की कंपनी के शेयरों में आई तेजी की दम पर सोमवार को उन्हें तगड़ा मुनाफा हुआ और उनकी नेट वर्थ में जबदरस्त तेजी आई। साल 2022 गौतम अडानी के लिए बेहद सफल साबित हो रहा है।
कमाई के मामले में इस साल वह एलन मस्क और जेफ बेजोस जैसे दिग्गजों से भी आगे निकल गए हैं। उनकी नेटवर्थ रॉकेट की स्पीड से आगे बढ़ रही है और इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीते दिनों तक टॉप-10 सूची में शामिल मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बीच एक पायदान का अंतर बना रहता था। कभी 10वें स्थान पर अडानी का कब्जा होता था, तो कभी अंबानी इस पायदान पर नजर आते थे। अब इस सूची में पहले 10वें नंबर पर मौजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब 11वें नंबर पर खिसक गए हैं।
सोमवार को अडानी समूह की सभी लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में तेजी आई। इसकी बदौलत अडानी की नेटवर्थ में 8.57 अरब डॉलर यानी करीब 65,091 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अडानी की नेट वर्थ अब 118 अरब डॉलर हो गई है। इससे पिछले दिन तक अडानी आठवें पायदान पर काबिज थे। इस उछाल के बाद उनकी संपत्ति दूसरे भारतीय दिग्गज उद्योगपति रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी की तुलना में 20 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई है।
मुकेश अंबानी 97.4 अरब डॉलर की नेट वर्थ के साथ अरबपतियों की सूची में 11वें स्थान पर खिसक गए हैं। सोमवार को रिलायंस के शेयरों में गिरावट से उनकी नेटवर्थ में 4.82 करोड़ डॉलर की गिरावट आई। अब गौतम अडानी से आगे दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क, दूसरे स्थान पर जेफ बेजोस, तीसरे स्थान पर बर्नार्ड अरनॉल्ट, चौथे स्थान पर बिल गेट्स और पांचवे स्थान पर वॉरेन बफे का नाम आता है। वॉरेन बफे की संपत्ति भी अडानी से महज नौ अरब डॉलर ही ज्यादा है।