रूस-यूक्रेन युद्ध : यूक्रेन पर रूस के हमले को एक महीना हो रहा है। दोनों देशों के बीच जंग का आज 31वां दिन है। इसके बावजूद किसी भी ओर से इस बात के संकेत नहीं मिल रहे हैं कि, यह जंग कहां जाकर खत्म होगी। रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध के 30वें दिन रूसी सेना ने कई यूक्रेनी शहरों पर बमबारी तेज कर दी है। खारकीव में दरम्यानी रात के बाद से बिना रुके लगातार गोलाबारी की गई।
इस दौरान शहर में रह-रहकर धमाके गूंजते रहे और लोग दहल उठे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस बमबारी में कितने लोग हताहत हुए हैं लेकिन आशंका है कि आवासीय इलाके भी बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। रूस की सेना को खारकीव पर अपने हमलों को और तेज करने का आदेश मॉस्को से मिला है। इसका बड़ा कारण यूक्रेन पर अब तक रूसी सेना का नियंत्रण नहीं हो पाना बताया जा रहा है।
क्रेमलिन भी अपनी सेना की रणनीति को बदलकर और आक्रामक होने की दिशा में ले जा रहा है। इस स्थिति में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस द्वारा रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताई है। लेकिन बाइडन के पोलैंड दौरे से ठीक पहले रूसी सेना ने खारकीव सबसे घातक हमले किए।
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको और उनके परिवार के सदस्यों के अलावा रूस टुडे, स्ट्रैटेजिक कल्चर सहित विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ संपादकों व 22 रूसियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। जापान 25 और रूसी व्यक्तियों की संपत्ति जब्त करेगा। जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि वह 81 रूसी संगठनों के निर्यात पर रोक भी लगाएगा।