International

शिंजो आबे: पीएम मोदी ने जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर जताया शोक, बोले- भारत में कल एक दिन का होगा राष्ट्रीय शोक

शिंजो आबे: आज जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का इलाज के दौरान निधन हो गया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर शोक व्यक्त किया और शनिवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। शुक्रवार सुबह जब वे नारा शहर में भाषण दे रहे थे तब उन पर पीछे से दो गोलियां दागीं गईं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जानता था। मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। पीएम मोदी ने कहा कि अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।

Most Popular

To Top