यूपी एमएलसी चुनाव: विधान परिषद चुनाव में गुरुवार को नाम वापसी का अंतिम दिन है, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रमेश सिंह यादव द्वारा बुधवार को नामांकन वापस ले लिया गया था, नामांकन वापस लिए जाने के बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है। मिर्जापुर जिला अध्यक्ष देवी चौधरी ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के निर्देश पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण रमेश यादव और सुनील यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
मिर्जापुर में समाजवादी पार्टी से रमेश सिंह यादव ने सोमवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ नामांकन किया था। नामांकन के बाद कयास लगाया जा रहा था कि सपा प्रत्याशी लड़ाई में नहीं हैं। इस बीच सपा प्रत्याशी रमेश यादव ने बुधवार की सुबह डीएम कार्यालय में जाकर नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह निर्विरोध हो गए। एक निर्दलीय प्रत्याशी प्रेमचंद का नामांकन मंगलवार को निरस्त हो गया था।
इधर सपा जिलाध्यक्ष अपहरण की आशंका जताते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। इस पर डीएम ने बताया कि प्रत्याशी ने पर्चा वापस ले लिया है। जिसके बाद सपा के नेता मायूस होकर वापस कार्यालय पहुंचे। गुरुवार को रमेश सिंह यादव को सपा से निष्कासित कर दिया गया।
