विशेष बैठक: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध के बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भारत दौरे पर आने वाले हैं। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस गुरुवार को दिवसीय यात्रा पर भारत आएंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक पंक्ति के बयान में कहा गया है कि लावरोव 31 मार्च से एक अप्रैल तक नई दिल्ली के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे।
पश्चिमी देशों के सख्त प्रतिबंधों का सामना कर रहे रूस के विदेश मंत्री भारत के साथ कच्चे तेल के कारोबार और भुगतान व्यवस्था बदलने पर चर्चा कर सकते हैं। 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस के हमले की शुरुआत होने के बाद से लावरोव की यह पहली भारत यात्रा होगी।
रूस पर पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को देखते हुए भारत के साथ द्विपक्षीय कारोबार के लिए भुगतान व्यवस्था को रुपये-रूबल में करने पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है। रूसी विदेश मंत्री लावरोव इस समय चीन की यात्रा पर हैं और उनके गुरुवार की शाम को नई दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है।
