यूपी चुनाव 2022: पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का एलान हो चुका है। चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद सियासी हलचलें और भी तेज हो गईं हैं। एक पार्टी छोड़ दूसरी पार्टी मे जाने का दौर भी शुरू हो गया है। इसी क्रम मे हाथरस के सादाबाद से विधायक और बसपा सरकार में ऊर्जा मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
वह बसपा से निष्कासित होने के बाद भाजपा से अपरोक्ष रूप से जुड़े हुए थे। उन्होंने हाथरस में पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय को भाजपा के सहयोग से जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाया था। शनिवार सुबह 11 बजे वह आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर भाजपा की औपचारिक रूप से सदस्यता ग्रहण की।
बसपा सरकार में मुखर ब्राहमण चेहरा और ऊर्जा मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय ने हाथरस को छोड़कर आगरा में लोकसभा चुनाव के दौरान फतेहपुर सीकरी से दांव लगाया। फतेहपुर सीकरी से उन्होंने पत्नी सीमा उपाध्याय को सांसद बनवाया। सीमा उपाध्याय ने तब राज बब्बर को हराया था। उसी दौरान रामवीर उपाध्याय ने शास्त्रीपुरम में घर बनवाया, तभी से उनका आगरा से नाता बना हुआ है। अब 25 साल तक बसपा में रहने के बाद जब इस्तीफा दिया तो वह नई पारी की शुरूआत भी आगरा से ही कर रहे हैं।