वाराणसी : मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ की तीन दिवसीय यात्रा का आज दूसरा दिन है, तीन दिवसीय यात्रा पर वाराणसी पहुंचे मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ आज शुक्रवार को वे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक करेंगे। शुक्रवार को दोपहर में ही वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
इससे पहले कल शाम जगन्नाथ ने सपरिवार काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेका। बाबा विश्वनाथ की विधिविधान से षोडशोपचार पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मॉरिशस के प्रधानमंत्री ने बाबा के नव्य और दिव्य धाम को घूम-घूम कर देखा। धाम की भव्यता देख वो अभिभूत नजर आए।
उन्होंने अधिकारियों से धाम के बारे में जानकारी ली। इससे पहले गुरुवार सुबह उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर अपने पिता व पूर्व प्रधानमंत्री अनिरूद्ध जगन्नाथ की अस्थियों को गंगा में विसर्जित किया। विधि-विधान से सभी आयोजन संपन्न कराए गए। अस्थि विसर्जन के बाद उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय अनिरुद्ध जगन्नाथ की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और मां गंगा को नमन किया।
इस दौरान भी उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन और गंगा आरती में हिस्सा लिया था। मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ और उनकी पत्नी कोविता जगन्नाथ बुधवार की शाम को तीन दिवसीय काशी यात्रा पर पहुंचे थे। उसके पूर्व उनकी मां सरोजिनी जगन्नाथ भी मां विंध्यवासिनी के दरबार में जाकर हाजिरी लगा चुकी हैं। इस दौरान गंगा में सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ और जल पुलिस की तैनाती रही। जबकि दूसरी ओर दशाश्वमेधघाट पर सुबह से ही सुरक्षा बलों ने संबंधित क्षेत्र को कब्जे में ले लिया था।