विजय जुलूस: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यूपी में 270 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। एक बार फिर भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है। गुरुवार को आए चुनाव नतीजों के बाद जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। मथुरा और आगरा की सभी 14 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत का परचम फहराया है। आगरा में भाजपा की जीत का जश्न अब भी जारी है।
शुक्रवार को विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर के बाहर आतिशबाजी कर भाजपा की जीत की कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। योगी मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए गए। बुलडोजर पर सवार होकर खंदारी चौराहे से कार्यकर्ता भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया के आवास पर पहुंचे। मथुरा और वृंदावन में भाजपा की जीत का गुलाल उड़ा। वृंदावन में भी भाजपाइयों ने बुलडोजर को फूलों से सजाकर नगर में जुलूस निकाला।
आगरा में पार्टी की जीत के बाद भाजपाइयों ने बुलडोजर के साथ यात्रा निकाली। ढोल नगाड़ों के साथ यात्रा राजा की मंडी रेलवे स्टेशन से तोता के ताल, लोहामंडी, मदिया कटरा, सेंट जोंस होते हुए राजा की मंडी स्थित चामुंडा मंदिर पहुंची। इस दौरान बुलडोजर का लोगों ने जगह-जगह पूजन किया। सिंधी समाज ने भाजपा के जीतने पर खुशी जताई। समाज के प्रमुख लोगों ने प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ऐतिहासिक वापसी की बधाई दी और लड्डू बांटे।