विश्व स्वास्थ्य दिवस: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आह्वान पर हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर संगठन ने मनुष्यों और धरती को स्वस्थ रखने और भलाई पर केंद्रित समाज बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ट्वीट कर देशवासियों को अच्छी सेहत के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार देश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाने के लिए अनथक परिश्रम कर रही है। पीएम ने कहा कि बीते आठ सालों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव हुआ है। कई नए मेडिकल कॉलेज बने हैं। हमारी सरकार स्थानीय भाषाओं में चिकित्सा की पढ़ाई के प्रयास कर रही है।
मोदी ने ट्वीट कर कहा ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुभकामनाएं। सभी को अच्छे स्वास्थ्य और स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले। आज का दिन स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का भी दिन है। यह उनकी कड़ी मेहनत है जिसने हमारे ग्रह को सुरक्षित रखा है।’
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सरकार देश के स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार कर रही है। उसका मुख्य जोर देश के नागरिकों को अच्छी व वहन करने योग्य स्वास्थ्य सेवाएं देना है। कई ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हर भारतीय को गर्व होगा कि हमारा देश विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत’ चला रहा है।