अग्निपथ स्कीम: देश के कई राज्यों में अग्निपथ योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश है। भारतीय सेना में नई भर्ती योजना अग्निपथ को लेकर देशभर में विरोध-प्रदर्शन का दौर जारी है। केंद्र सरकार की इस योजना को लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा विरोध देखा गया।
इसी बीच अब प्रदर्शनकारी छात्रों को संयुक्त किसान मोर्चा का भी साथ मिल गया है। मोर्चा 24 जून को अग्निपथ योजना के खिलाफ राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस मनाएगा। सभी किसान संगठन इस दिन जिला और तहसील मुख्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने इस योजना का विरोध कर रहे सभी युवाओं से अपील की है कि वे इस शांतिपूर्ण विरोध दिवस की मर्यादा का सम्मान करते हुए इस विरोध दिवस से जुड़ें।
वरिष्ठ किसान नेता शिवकुमार शर्मा (कक्का जी) और योगेंद्र यादव के अनुसार, संयुक्त किसान मोर्चा ने सेना में भर्ती की नई अग्निपथ योजना के खिलाफ युवाओं के राष्ट्रव्यापी विरोध को अपना समर्थन घोषित किया है। विरोध प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा ने इस योजना को जवान-विरोधी, किसान-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी बताया है।
मोर्चा का कहना है कि जब केंद्र सरकार जय जवान-जय किसान के नारे की भावना को तहस-नहस करने पर तुली है, ऐसे में किसान संगठनों का कर्तव्य है कि वह जवानों के साथ इस संघर्ष में कंधे से कंधा जोड़कर खड़ा हो। इसलिए संयुक्त किसान मोर्चा इस शुक्रवार, 24 जून को देशभर में विरोध दिवस मनाएगा। यह फैसला संयुक्त किसान मोर्चा की सात सदस्य कोऑर्डिनेशन कमेटी ने मंगलवार को करनाल (हरियाणा) हुई अपनी बैठक में लिया।
