अग्निपथ स्कीम: सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश है। अग्निपथ योजना के विरोध में जहां एक तरफ बवाल मचा हुआ है, तो दूसरी कुछ लोग तरफ अग्निपथ योजना के समर्थन में हैं। इसी क्रम में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना को दिशाहीन करार दिया है। उनकी ओर से पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान जारी कर केंद्र सरकार पर आरोप लगाया गया है कि वह युवाओं की आवाज को नजरअंदाज कर रही है।
बयान में कहा गया है कि सेना में भर्ती की नई योजना पूरी तरह से दिशाहीन है। सोनिया गांधी ने युवाओं से अहिंसक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध की अपील की। कहा कि इस आंदोलन में कांग्रेस युवाओं के साथ है। युवाओं के नाम जारी बयान में सोनिया गांधी ने कहा है कि आप सेना में भर्ती होकर देश सेवा का महत्वपूर्ण काम करने की अभिलाषा रखते हैं। सेना में लाखों पद खाली होने के बाद भी पिछले तीन साल से भर्ती नहीं होने का दर्द मैं समझ सकती हूं। एयरफोर्स में भर्ती परीक्षा देकर रिजल्ट व नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओ के साथ मेरी पूरी सहानुभूति है।
मुझे दुख है कि सरकार ने आपकी आवाज को दरकिनार कर नई आर्मी भर्ती योजना की घोषणा की है, जो कि पूरी तरह से दिशाहीन है। आपके साथ कई पूर्व सैनिक व रक्षा विशेषज्ञों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस आपके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। योजना को वापस करवाने के लिए संघर्ष करने व आपके हितों की रक्षा करने का वादा करती है। हम एक सच्चे देशभक्त की तरह सत्य, अहिंसा, शांति व संयम के मार्ग पर चलकर सरकार के सामने आपकी आवाज उठाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्हें करीब एक सप्ताह पूर्व अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में जांच के दौरान उनके निचले श्वसन पथ में फंगल संक्रमण पाया गया था।