चित्रकूट: विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर शोर से चल रही है। सभी पार्टियों में टिकट को भी लेकर प्रत्याशियों मे होड़ मची हुई है, इसी क्रम मे मानिकपुर सीट से टिकट न मिलने से खफा संपत पाल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। गुलाबी गैंग की कमांडर संपत 2012 और 2017 में इस सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। उपचुनाव में उनकी जगह रंजना बराती लाल पांडेय को टिकट दिया गया था। संपत को इस चुनाव में टिकट मिलने का पूरा भरोसा था लेकिन पार्टी ने रंजना पर ही भरोसा जताया है।
वर्ष 2012 में कांग्रेस प्रत्याशी संपत पाल 23,003 वोट के साथ चौथे स्थान पर रही थीं। 2017 में कांग्रेस का सपा से गठबंधन होने पर मानिकपुर सीट कांग्रेस के खाते में गई। कांग्रेस ने फिर संपत को ही मैदान में उतारा। 40,524 वोटों के साथ वह दूसरे नंबर पर रहीं थीं। 2019 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने संपत की जगह रंजना बरातीलाल पांडेय को टिकट दिया। रंजना को केवल 8,230 वोट ही मिल सके थे। इससे संपत पाल को इस चुनाव में टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी।
टिकट न मिलने से खफा संपत ने शनिवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में इस्तीफा भेज दिया है। किंतु सोनिया और साहुल गांधी से मिलकर अपनी बात रखेंगी। सोनिया, राहुल व प्रियंका गांधी से कोई शिकायत नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष और पर्यवेक्षक ने उनका टिकट कटवाया है। इसका संदेश देने और पार्टी को कुछ चाटुकारों से बचाने के लिए इस्तीफा देने का कदम उठाना पड़ा है। गुलाबी गैंग कमांडर ने कहा कि अभी किसी दल में शामिल नहीं होंगी।