India

अयोध्या: आज रामनगरी अयोध्या मे 18 लाख दीये होंगे प्रज्ज्वलित, श्रीराम का राजतिलक करेंगे पीएम मोदी, बनेगा विश्व रिकॉर्ड

दीपोत्सव: रामनगरी अयोध्या 18 लाख दीये प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार हैं। रामनगरी अयोध्या का छठा दीपोत्सव इस बार नये रिकॉर्ड बनाने जा रहा हैं। इसके लिए गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम मौजूद रहेगी। रिकॉर्ड बनाने के लिए 15 लाख दीपकों को 5 मिनट तक लगातार जलना जरूरी है। साथ ही सभी दीपकों को 40 मिनट के अंदर जलाना होगा।

पहली बार प्रधानमंत्री मोदी इसके साक्षी बनेंगेl तकरीबन दो साल दो माह बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यानी आज फिर अयोध्या में होंगे। पीएम मोदी रामनगरी में 3 घंटे 20 मिनट तक रहेंगे। इस दौरान वे रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। 6.10 बजे भगवान श्रीराम के स्वरूप का राज्याभिषेक करेंगे। इसके बाद सरयू तट पर आरती में सम्मिलित होंगे और फिर राम की पैड़ी पर दीपोत्सव में शामिल होंगे।

इस समय पूरी अयोध्या राममय हो गई है। दीपोत्सव की अद्भुत छटा बिखर रही है। रामकथा पार्कको राजभवन की तरह सजाया गया है। रविवार शाम जब यहां पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से माता सीता व तीनों भाइयों के साथ भगवान श्रीराम उतरेंगें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में उनका राजतिलक कर आरती उतारेंगे। राजतिलक के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पों की वर्षा होगी। श्रीराम की स्तुति गूंजेगी। कई देशों के राजदूतों के साथ 10 हजार लोग इसका गवाह बनेंगे।

अबकी सरयू पुल पर करीब 20 मिनट तक पटाखों की आतिशबाजी होगी। पीएम, सीएम सरयू तट पर बने मंच से इसे निहारेंगे। पुल व घाटों को फूलों व झालरों से सजाया गया है। आज 5001 बत्ती की महाआरती करेंगे प्रधानमंत्री, रामलला के दर्शन के साथ मंदिर निर्माण की प्रगति भी परखेंगेl अयोध्या में यह पहला अवसर है जब विश्व के आठ देशों की रामलीला का मंचन होगा। देश-विदेश के 1800 से अधिक लोक कलाकार दीपोत्सव का वैभव बढ़ाएंगे।

Most Popular

To Top